फैडरेशन कप पावरलिफ्टिंग : कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के रैत में आज चार दिवसीय फैडरेशन कप क्लासिक एवं इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चौधरी चंद्र कुमार ने किया, जबकि उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया विशिष्ट अतिथि रहे।
शाहपुर
कृषि मंत्री ने खिलाड़ियों के लिए की घोषणाएं
कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें। मंत्री ने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के सुचारू आयोजन के लिए एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की और विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए इक्कीस हजार रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की।
शाहपुर के लिए गौरव का क्षण — केवल सिंह पठानिया
विशिष्ट अतिथि केवल सिंह पठानिया ने कहा कि यह शाहपुर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता रैत में आयोजित हो रही है। उन्होंने बताया कि रैत में डे बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए पहली किश्त के रूप में 1.50 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देशभर से आए 200 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
चार दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य शमशेर भारती ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। पावरलिफ्टिंग ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा उद्घाटन समारोह
इस अवसर पर ओबीसी टीम शाहपुर ने कृषि मंत्री को शाल व टोपी भेंटकर सम्मानित किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

