फोरलेन और एम्स के चलते बिलासपुर की जमीन के इतने गुना तक बढ़ गए दाम…….
HNN/ बिलासपुर
जिला में एम्स और फोरलेन के बनने से बिलासपुर की जमीनों के दामों में बढ़ोतरी हो गई है। बता दें बिलासपुर की जमीनों के दाम 40 गुना तक बढ़ गए हैं। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी, जकातखाना, ढलियार, तुन्हू, पट्टा कल्लर और बागी-मैहला सहित साथ के क्षेत्रों में फोरलेन बनने से पहले जमीनों के दाम 25 हजार से 50 हजार प्रति बिस्वा तक थे।
अब यह दाम आठ लाख से 10 लाख प्रति बिस्वा पहुंच चुके हैं। पांच से 10 लाख प्रति बीघा जमीन के दाम अब दो करोड़ रुपए तक पहुंच गए हैं। एम्स और फोरलेन के आसपास की जमीन धड़ाधड़ बिक रही है। रेलवे लाइन के किनारे भी जमीनें बिक चुकी हैं। इसमें प्रदेश ही नहीं, बाहरी राज्यों के लोग भी जमीनें खरीद रहे हैं।
धारा 118 के तहत जिला में बाहरी राज्यों केवल कुछ एक लोगों ने व्यापार के लिए भूमि खरीदने के लिए आवेदन किया है। इन क्षेत्रों में अधिकतर जमीनें प्रदेश के ही लोग खरीद रहे हैं। निजी स्तर पर जमीनों की खरीद-फरोख्त के दामों को लेकर प्रशासन की कोई सहभागिता नहीं होती है।
रेलवे, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) और केंद्र सरकार की ओर से दिए गए दामों से भी अधिक दाम में लोग जमीनें दे रहे हैं। एम्स शुरू होने से पहले कोठीपुरा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमीन का दाम एक लाख रुपए प्रति बिस्वा था। अब यह दाम 10 से 12 लाख प्रति बिस्वा हो गए हैं।
एम्स शुरू होने से पहले यहां मार्केट नहीं थी। लोग जमीन अगर मजबूरी में बेचते भी तो जमीन के पांच लाख प्रति बीघा मिलते थे। अब उसी जमीन की कीमत दो करोड़ प्रति बीघा से भी अधिक हो गई है।