फोरलेन पर इतने मई से दौड़ने लगेंगे वाहन, 37 किमी घटेगी दूरी
HNN / बिलासपुर
साल 2013 में शुरू हुए 77 किलोमीटर लंबे फोरलेन का निर्माण कार्य 11 साल बाद अब जाकर पूरा होने जा रहा है। जिसके चलते किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर 1 मई से वाहन दौड़ने लगेंगे। इस फोरलेन के बनने से 37 किलोमीटर की दूरी घटेगी। पहले किरतपुर-फोरलेन की दूरी 114 किलोमीटर थी।
परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मई के पहले सप्ताह फोरलेन जनता को समर्पित करेगा। इस सफर को तय करने के लिए अब दो घंटे की बचत होगी। बड़ी बात यह होगी कि स्वारघाट से बिलासपुर तक चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर घुमावदार सड़क पर लगने वाले जाम से चालकों को निजात मिलेगी।
यहां से इतनी रहेगी दूरी
किरतपुर से कैंची मोड़ की दूरी अभी 22 किलोमीटर है, फोरलेन बनने से यह दूरी 12 किलोमीटर रहेगी। कैंची मोड़ से भवाणा की दूरी वर्तमान में 72 किलोमीटर थी। इसकी दूरी 51 किलोमीटर रह जाएगी। भवाणा से नेरचौक की दूरी पहले 20 किलोमीटर थी, जो अब 14 किलोमीटर रहेगी।