बंगाणा के क्यारियां गांव के सीआरपीएफ जवान मनीष कुमार श्रीनगर में शहीद
उप मंडल बंगाणा के क्यारियां गांव से दुखद समाचार सामने आया है। सीआरपीएफ में तैनात जवान मनीष कुमार श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए, जिससे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
शहीद की खबर से क्षेत्र में शोक
जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल बंगाणा के उप गांव क्यारियां से दुखद खबर सामने आई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात जवान मनीष कुमार श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। उनकी शहादत की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई।
देश सेवा में समर्पित थे मनीष कुमार
मनीष कुमार, पुत्र रामपाल, लंबे समय से सीआरपीएफ में सेवाएं दे रहे थे, और देश की रक्षा में समर्पित थे। ग्रामीणों के अनुसार वे बेहद मिलनसार, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। उनकी शहादत से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचा है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, कुटलैहड़ के पूर्व विधायक दविंद्र भुट्टो ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मनीष कुमार का देश के प्रति समर्पण और बलिदान सदैव याद रखा जाएगा तथा युवाओं के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।