Loading...

बंगाणा बाजार में दो गुटों में हुई मारपीट, क्रॉस केस दर्ज

Ankita • 11 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/ ऊना

जिला ऊना में बंगाणा बाजार में दो गुटों में मारपीट हुई है। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें पहुंची है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नरेश कुमार निवासी बंगाणा ने बताया कि मंगलवार को वे अपने टेंपो में कर्मचारियों संग घर वापस आ रहा था।

इस दौरान कड़साई गांव के समीप दो गाड़ियों में 4 व्यक्ति आए और उनका रास्ता रोक दिया। चारों ने गाड़ियों से उतरते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। मारपीट में उनकी सोने की चेन व 80 हजार रुपये भी गायब हो गए। मामले को लेकर नरेश कुमार ने पुलिस के पास शिकायत दी है।

वहीं दूसरी ओर विनय कुमार निवासी झंडुता बिलासपुर ने बताया कि वे अपनी दो गाड़ियों में सब्जी लेकर जलंधर जा रहा था। बंगाणा में कुछ लोगों ने उनकी दोनों गाड़ियों को घेर लिया और मारपीट की। मारपीट में उनके छोटे भाई राहुल व मामा के लड़का रिशू को चोटें पहुंची हैं।

विनय कुमार का कहना है कि मारपीट के दौरान सोने की चेन व तीन लाख रुपये कैश गायब हुआ है। एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि दोनों ओर से मिली शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।