बगलाना गांव में तेंदुए का आतंक, कई पशुओं को बना चुका अपना शिकार
ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग से लगाई पकड़ने की गुहार
HNN/ ऊना
जिला ऊना में उप-तहसील जोल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के बगलाना गांव में इन दोनों तेंदुए के आतंक से लोग परेशान है। अत्यधिक गर्मी एवं जंगलों के जल जाने के कारण शिकार की तलाश में इन दिनों तेंदुआ घरों के आसपास घूम रहा है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है।
इसके चलते गांव के लोग डरे और सहमे हुए हैं। स्थानी निवासी राकेश कुमार, अमरचंद, शारदा देवी, किशन चंद, अशोक कुमार, हैप्पी, अमित कुमार और अन्य लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके गांव में तेंदुए ने संजीव कुमार के एक मवेशी को अपना शिकार बना लिया है। इससे पहले भी तेंदुआ केसर कुमार चौधरी की बकरियों को अपना शिकार बना चुका है।
तेंदुआ शिकार की तलाश में लोगों के घरों के आसपास घूमता रहता है और घात लगाकर रात में पशुओं पर हमले को अंजाम देता है। आए दिन शाम ढलते ही गांव की सड़क पर भी कई लोगों ने तेंदुओं को देखा है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव में घूम रहे तेंदूए को पकड़ने के लिए आसपास के जंगल में पिंजरे लगाए जाएं।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में 50 प्रतिशत लोग पशुपालन के सारे अपना गुजारा करते हैं। पिछले कई सप्ताह से तेंदुए के दस्तक के कारण कई लोगों ने अपने मवेशियों को जंगल की तरफ ले जाना छोड़ दिया है। स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधियों एवं लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुओं को पकड़ने के लिए गांव से सटे जंगल में पिंजरे लगाएं जाए।
क्या कहते हैं वन विभाग की रेंज ऑफिसर अश्विनी कुमार
इस संबंध में वन विभाग खुरवाई के रेंज ऑफिसर अशवनी कुमार ने कहा कि मामला मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आ गया है। जल्द विभाग की टीम इलाके का निरीक्षण करेगी और जल्द पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने पिंजरा लगाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है।