बगावत कर चुनावी दम भरने वाले बागी प्रत्याशियों के हलकों में हुआ बंपर मतदान
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा से 21 और कांग्रेस से पांच बागी प्रत्याशी चुनाव में खड़े हैं। जिस भी क्षेत्र से यह प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, वहां इस बार बंपर मतदान हुआ है। ऐसे में अब देखना यह होगा कि यह बागी प्रत्याशी अपने दम पर जीत सुनिश्चित करते हैं या फिर इस जंग में किसका खेल बिगाड़ेंगे यह 8 दिसंबर को साफ हो जाएगा।
बात जिला कुल्लू की करें तो यहां बंजार से महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर सिंह इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार बंजार में 79.62 प्रतिशत मत पड़े हैं। इसी तरह आनी में भी विधायक किशोरी लाल बगावत कर चुनाव मैदान में हैं और यहां पर 73.89 प्रतिशत मत डले हैं।
देहरा से विधायक होशियार सिंह के हलके में 70.94 फीसदी, नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर के क्षेत्र में 81.40 प्रतिशत वोट पड़े हैं। जिला सिरमौर के पच्छाद से कांग्रेस के बागी गंगूराम मुसाफिर के इलाके में 78.30 फीसदी, ठियोग से इंदु वर्मा और विजय पाल खाची के हलके में 74.96 फीसदी मतदान हुआ है।