बरठीं के पास शराब माफिया से पकड़ी इतनी पेटी अवैध शराब, मामला दर्ज
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में शाहतलाई पुलिस ने बरठीं चौक के पास शराब माफिया द्वारा एक पिकअप जीप में अवैध रूप से लाई जा रही 99 पेटी देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम बरठी के पास गश्त कर रही थी।
वहां पर पुलिस टीम को शराब माफिया द्वारा अवैध रूप से शराब लाने की गुप्त सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने वहां पर नाका लगा दिया। इस दौरान रात करीब साढ़े 12 बजे एक पिकअप जीप को निरीक्षण के लिए रोका और जीप में देसी शराब पाई।
पुलिस ने जब इसका परमिट मांगा तो आरोपित कोई कागज पेश नहीं कर पाए, जिस पर पुलिस ने शराब और जीप को कब्जे में ले लिया। जीप से पुलिस को 99 पेटियों में 1188 बोतलें देसी शराब की मिली। बताया जा रहा है कि शराब माफिया द्वारा यह अवैध शराब बड़ागांव हमीरपुर से जबलू झंडूता बेचने लाई जा रही थी।
पुलिस ने बाद में अवैध रूप से शराब ले जाने पर जीप चालक राकेश कुमार निवासी टिकरी डाकघर जबलू तहसील झंडूता जिला बिलासपुर और जीप में साथ बैठे शक्ति चंद निवासी बड़ागांव तहसील बिझड़ जिला हमीरपुर के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।