Loading...

बागवानी और पर्यटन से सिरमौर के विकास को मिली नई गति : हर्षवर्धन चौहान

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 7 Mar 2026, 7:15 PM | Updated: 7 Mar 2026, 7:15 PM 1 min read

नाहन

उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शनिवार को राजगढ़ में जेलदार पेट्रोल पंप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।

उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शनिवार को राजगढ़ में जेलदार पेट्रोल पंप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।

इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार प्रदेश के लोगों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षा, सड़क तथा स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र की जलवायु कृषि और बागवानी के लिए बेहद उपयुक्त है। यहां का आड़ू देश-विदेश में प्रसिद्ध है, जिसके कारण इस क्षेत्र को पीच वैली के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र में पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उद्योग मंत्री ने कहा कि जिला सिरमौर के लोगों ने समय के साथ हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। पहले जहां इस क्षेत्र को पिछड़ा माना जाता था, वहीं आज लोग पर्यटन, कृषि, बागवानी और पशुपालन जैसे व्यवसायों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिला सिरमौर प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि यहां के मेहनती और प्रतिभाशाली युवा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर उच्च प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिससे जिले का नाम रोशन हो रहा है।

इस दौरान पेट्रोल पंप के संचालक नीरज ठाकुर ने अपने परिवार सहित उद्योग मंत्री को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एपीएमसी सिरमौर के अध्यक्ष सीताराम शर्मा, सहकारी बैंक के निदेशक भारत भूषण मोहिल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणधीर पंवार, दयाल प्यारी, जय प्रकाश चौहान, दिनेश आर्य, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।