Loading...

बारिश का कहर: सिरमौर में एक की मौत, छह सड़कें और पांच पेयजल योजनाएं प्रभावित

Shailesh Saini • 2 Hours Ago • 1 Min Read

57.33 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का आकलन, कच्चे मकानों को भी पहुंची क्षति

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन,

सिरमौर जिला में लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर पड़ने लगा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की शनिवार दोपहर तीन बजे जारी दैनिक आपदा रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि भारी बारिश से लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग तथा निजी संपत्तियों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है।

रिपोर्ट के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे पांवटा साहिब उपमंडल के टोकियो कार्ल्सबर्ग कंपनी के समीप हुए वाहन हादसे में 63 वर्षीय ओम प्रकाश निवासी टोकियो, तहसील पांवटा साहिब की मौत हो गई।वहीं, नाहन उपमंडल के मलोवाला गांव में बारिश के कारण दो कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

इस घटना में निजी संपत्ति को लगभग 13 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।भारी बारिश के चलते जिले में लोक निर्माण विभाग की छह सड़कें प्रभावित हुई हैं। इनमें संगड़ाह मंडल की एक, नाहन मंडल की एक, राजगढ़ मंडल की दो तथा पांवटा साहिब मंडल की दो सड़कें शामिल हैं।

इन सड़कों को हुए नुकसान का प्रारंभिक आकलन 16.30 लाख रुपये किया गया है।इसके अलावा जल शक्ति विभाग को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा है। पांवटा साहिब मंडल में तीन पेयजल योजनाएं और तीन सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिनसे लगभग 29.90 लाख रुपये की क्षति आंकी गई है।

वहीं शिलाई मंडल में दो पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनसे 11 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।जिला आपदा रिपोर्ट के अनुसार विभिन्न विभागों और निजी संपत्तियों को मिलाकर अब तक करीब 57.33 लाख रुपये के नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आवश्यक राहत एवं बहाली कार्य जारी हैं।

Related Topics: