Loading...

बारिश न होने से फसलों पर छाए संकट के बादल, किसान चिंतित

SAPNA THAKUR • 6 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर में किसानों द्वारा खेतों में बिजी गई फसलों पर अब संकट के बादल मंडराने लग पड़े हैं। इसका मुख्य कारण लंबे समय से जिला में बारिश न होना है जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती ही जा रही है। बड़ी बात यह है कि आगामी दिनों के दौरान भी जिला में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में किसान अपनी फसलों की सिंचाई कैसे करें यह बड़ा चिंता का विषय बना हुआ है।

बता दें कि जिला सिरमौर में बड़े पैमाने पर गेहूं की पैदावार की जाती है। जिला के बहुत से किसान ऐसे हैं जो खेती-बाड़ी पर ही निर्भर रहते हैं। इस बार जिला के किसानों द्वारा अपने खेतों में गेहूं की बिजाई की गई परंतु बारिश ना होने के कारण फसल पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। आलम यह है कि बारिश बगैर कई जगह अभी बीज अंकुरित भी नहीं हुए हैं तो कहीं ग्रोथ एक जैसी नहीं है।

ऐसे में सिरमौर में पिछले तीन माह से बारिश न होने से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। उधर, कृषि विभाग इस बार 50,000 मीट्रिक टन का लक्ष्य लेकर चल रहा है लेकिन समय पर बारिश न होने से पिछले साल की तरह उत्पादन में कमी आ सकती है। जिले में पिछले साल 30,000 मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन किया गया था, जो लक्ष्य से 40 फीसदी कम रहा।