बालद खड्ड पर बद्दी को जोड़ने वाला अस्थाई पुल पानी का अधिक बहाव आने से बहा
HNN/ बद्दी
बालद खड्ड पर बद्दी को जोड़ने वाला अस्थाई पुल पानी का अधिक बहाव आने से बह गया है। इसके चलते यातायात रोक दिया गया था। यह पुल दूसरी बार बहा है। पुल के बहने से बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर जाम की स्थिति बनी है। लोगों को बद्दी पहुंचने और वहां से बाहर जाने में कई घंटे लग रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बद्दी और उसके साथ लगते पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज बारिश होने से बालद खड्ड में जलस्तर बढ़ गया। एनएचएआई और लोगों के सहयोग से बनाए अस्थाई पुल के ऊपर से पानी बहने लगा।
यह पुल कम पानी के हिसाब से बनाया गया था। तीन बड़े पाइप ही दबाए गए थे, जो बारिश आने से पहले ही पानी से भर रहे थे। अब तेज बारिश से काफी पानी आया जिससे पानी अस्थाई पुल के ऊपर के निकल गया। इससे पुल के ऊपर डाली मिट्टी भी बह गई है। इसके बाद यह पुल शुक्रवार सुबह 10 बजे से यातायात के लिए बंद कर दिया है।