बिजली बिल नहीं भरने वाले हो जाएं सावधान, तुरंत जमा करवाए नहीं तो …
HNN/ कुल्लू
जिला के उपभोक्ता विद्युत विभाग के लाखों रुपए पर कुंडली मारकर बैठे हुए हैं। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को लगातार नोटिस जारी किए गए बावजूद इसके उपभोक्ताओं द्वारा बिजली के बिल जमा नहीं करवाए जा रहे हैं। ऐसे में बिजली बोर्ड भी अब ऐसे उपभोक्ताओं पर शिकंजा कस रहा है जो कि बिजली का बिल जमा नहीं करवा रहे हैं।
विभाग द्वारा पहले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अगर फिर भी वह बिजली बिल नहीं भर रहे हैं तो उनके कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं। बता दें, कुल्लू जिले में विद्युत बोर्ड की करीब 13 लाख की राशि 187 उपभोक्ताओं के पास फंसी हुई है।
ऐसे में विद्युत बोर्ड ने भी इन उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द विद्युत बिल जमा करवाने का आग्रह किया गया है। अगर तय समय पर उपभोक्ता बिजली बिल की अदायगी नहीं करते हैं तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे।