Loading...

बिना बारिश के सिरमौर के किसान नहीं लगा पा रहे धान की फसल

Ankita • 22 Jul 2024 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर में बिना बारिश के किसान धान की फसल नहीं लग पा रहे हैं। मानसून का आधा से ज्यादा महीना बीत चुका है। मगर जिला सिरमौर में रिमझिम बारिश ही हो रही है, वहीं कई क्षेत्रों में तो बहुत कम बारिश हुई है। जिला सिरमौर के नाहन और पच्छाद उपमंडल में धान की भारी फसल लगाई जाती है। मगर बिना बारिश के किसान धान की फसल नहीं लगा पा रहे हैं।

वहीं जिला में बिना बारिश के टमाटर, शिमला मिर्च, मूली, फ्रांसबीन और अदरक की फसल सूखने लग पड़ी है। हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। मानसून के बीच भी प्रदेश के किसान और बागवान बारिश के लिए तरस कर रह गए हैं। बिन बारिश के जिला सिरमौर के मैदानी इलाकों में उमस काफी बढ़ गई है। कम बारिश होने से लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।

खासकर खरीफ की फसल के लिए इस समय बारिश की बेहद जरूरत है। हालात ऐसे हैं कि बारिश न होने से कई क्षेत्रों में मक्के के साथ साथ अदरक, टमाटर, शिमला मिर्च, मूली, मिर्च, धनिया सहित कई फसलों की पैदावार पर असर दिखना शुरू हो गया है। जिला सिरमौर के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां किसान इंद्रदेव के रहमो करम पर निर्भर हैं।

मानसून की दस्तक के बाद कई जिलों के लिए बारिश के लिए अलर्ट भी जारी हो रहे हैं, मगर इसके बावजूद बारिश नहीं हो रही है। किसान प्रदीप ठाकुर, रमन ठाकुर, सुरेश कुमार, नरेश कुमार और सुशील शर्मा ने बताया कि इस बार मानसून में भी बारिश नहीं हो रही है। जुलाई का आधा महीना बीत चुका है। मगर बिन बारिश के अभी तक धान की फसल नहीं लग पा रहे हैं।