Loading...

बिलासपुर के सांढू मैदान में अज्ञात लोगों ने तोड़ी मजार, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Apr 2025 • 1 Min Read

बिलासपुर

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक सांढू मैदान में स्थित मजार को शनिवार रात अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिछले सप्ताह भी मजार को लेकर हुआ था विवाद
यह मजार बिलासपुर की गोबिंद सागर झील किनारे सांढू मैदान में स्थित है। पिछले एक सप्ताह से इस मजार को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट वायरल हो रही थी। इसी के चलते सवर्ण मोर्चा के कार्यकर्ता भी कुछ दिन पहले मजार के पास पहुंचे थे। हालांकि, मजार का इतिहास जानने के बाद वे वापस लौट गए थे।

पहले से दर्ज है एफआईआर
इस मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने को लेकर पहले ही सदर थाना में एफआईआर दर्ज हो चुकी थी। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि शनिवार रात अज्ञात लोगों ने मजार को तोड़ दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मजार तोड़ने की घटना को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।