Loading...

बिलासपुर दौरे पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, घुमारवीं और झंडूता में कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 4 Feb 2026 Edited 14 Mar 1 min read

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जिला बिलासपुर के प्रवास के दौरान खेल और विकास कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास और जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम निर्धारित है।

बिलासपुर/घुमारवीं

राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के समापन में मुख्यातिथि

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू घुमारवीं स्थित पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परिसर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

झंडूता क्षेत्र में विकास कार्यों का शुभारंभ

इसके बाद मुख्यमंत्री झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं बाजार पहुंचकर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें परमवीर चक्र नायब सूबेदार संजय कुमार राजकीय बहुतकनीकी संस्थान कलोल के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी शामिल है।

सड़क, सीवरेज और सौंदर्यकरण परियोजनाएं

बरठीं–शाहतलाई सड़क के उन्नयन कार्य तथा शाहतलाई नगर क्षेत्र की सीवरेज परियोजना का शिलान्यास भी कार्यक्रम का हिस्सा है। साथ ही शाहतलाई स्थित चरणगंगा क्षेत्र के सौंदर्यकरण कार्य की भी आधारशिला रखी जाएगी।

जनसभा को करेंगे संबोधित

विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के उपरांत मुख्यमंत्री बरठीं बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया जाएगा।