बिलासपुर पुलिस की कार्यवाही: चिट्टे सहित कार सवार 3 युवक गिरफ्तार
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने चिट्टे सहित कार सवार 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वारघाट थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली कि कार सवार 3 युवकों के पास से नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गरामोड़ा आरटीओ बैरियर के पास नाकाबंदी की।
इस दौरान टीम ने शक के आधार पर एक खड़ी गाड़ी की तलाशी ली। कार में चालक सहित तीन युवक मौजूद थे। पुलिस को देखकर वह घबरा गए। जब शक के आधार पर युवकों सहित कार की तलाशी ली गई तो कार के डैशबोर्ड से 30.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
बता दें आरोपी युवकों में दो युवक नेपाल और एक युवक कुल्लू का निवासी है। नेपाल निवासी दोनों आरोपी हाल ही में 15 मील पतलीकुल तहसील मनाली जिला कुल्लू में रह रहे थे। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने की है।
