Loading...

बिलासपुर में एयरो स्पोर्ट्स को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला समिति बनी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Sep 2025 • 1 Min Read

पैराग्लाइडिंग गतिविधियां शुरू करने से पहले जिला समिति की स्वीकृति होगी जरूरी

बिलासपुर जिला में एयरो स्पोर्ट्स को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक बचत भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की और निर्णय लिया कि पैराग्लाइडिंग गतिविधियों व प्रशिक्षण शिविरों से पहले जिला समिति से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

बिलासपुर

समिति की संरचना और जिम्मेदारियां
इस समिति की अध्यक्षता डीसी बिलासपुर करेंगे। पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अभिमास मनाली के निदेशक, जिला पर्यटन अधिकारी, वन मंडल अधिकारी, संबंधित एसडीएम और स्थानीय एयरो स्पोर्ट्स संघ के प्रतिनिधि इसके सदस्य होंगे।

पायलटों के लिए अनिवार्य शर्तें
बैठक में तय किया गया कि केवल लाइसेंसधारी, बीमा युक्त और बॉन्ड साइन करने वाले पायलट ही उड़ान भर सकेंगे। बचाव उपकरण और ग्लाइडरों की जांच अनिवार्य होगी। पायलटों से लिए जाने वाले न्यूनतम शुल्क और फीस संरचना पर भी चर्चा हुई।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन स्थानीय युवाओं को पायलट प्रशिक्षण दिलाने के लिए आर्थिक मदद देगा। शुरुआती बैच में प्रत्येक से एक पायलट को प्रशिक्षण का लाभ प्रशासन की ओर से मिलेगा। इसका उद्देश्य युवाओं को एयरो स्पोर्ट्स से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा
15 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक अभिमास मनाली द्वारा उन्नत पायलट प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हिमाचल के 70 और जम्मू-कश्मीर के 20 से अधिक पेशेवर पायलट भाग लेंगे। इसके अलावा 12 से 15 अक्टूबर तक पुणे की एक संस्था भी बिलासपुर में प्रशिक्षण आयोजित करेगी।

पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
डीसी ने कहा कि बिलासपुर को एक सुरक्षित और व्यवस्थित एयरो स्पोर्ट्स केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा।