बीएड करने के 24 साल बाद मिली सरकारी नौकरी, 56 टीजीटी ने किया इनकार
HNN/शिमला
बीएड करने के 24 साल बाद बैचवाइज आधार पर मिली सरकारी नौकरी करने से 56 टीजीटी ने मना कर दिया है। कई चयनित शिक्षकों की आयु 52 से 55 वर्ष के बीच हो गई है। अगर ये ज्वाइन करते तो ढाई साल अनुबंध में ही निकल जाते। जब तक रेगुलर होने का समय आता, ये रिटायरमेंट के करीब होते।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने अब पद भरने के लिए वेटिंग लिस्ट वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। टीजीटी को 22,860 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। अनुबंध आधार पर टेट पास अभ्यर्थियों की नियुक्तियां की जाएंगी। वेटिंग लिस्ट वालों को दस दिन में पद ग्रहण करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इन शिक्षकों का नौ दिसंबर से एससीईआरटी सोलन में प्रशिक्षण शुरू होगा। पद ग्रहण करने के बाद इस 15 दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने वालों को भी नियुक्ति नहीं दी जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने बैचवाइज आधार पर चुने 56 नए टीजीटी अभ्यर्थियों के नामों की सूची वीरवार को जारी की है।