बीकॉम अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम जारी, कांगड़ा की प्रियंका ने किया टॉप
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीकॉम अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। बीकॉम अंतिम वर्ष की विवि की ओर से जारी की गई टॉप टेन की मेरिट में छात्राओं ने बाजी मारी है।
मेरिट में कुल 12 विद्यार्थियों में से 11 छात्राएं शामिल हैं। इस परीक्षा में 4273 विद्यार्थी बैठे थे, जिनमें से 3575 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। पास प्रतिशतता 96 प्रतिशत रही। विद्यार्थी अपने परीक्षा परिणाम को अपने लॉग इन आईडी का उपयोग कर ऑनलाइन देख सकते हैं।
मेरिट सूची के अनुसार डीएवी कॉलेज कांगड़ा की प्रियंका ने 8.73 सीजीपीए अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा वल्लभ राजकीय डिग्री कॉलेज मंडी की सुखलीन कौर ने 8.66 सीजीपीए लेकर दूसरा स्थान व शिमला के संजौली कालेज की रिया ने 8.64 सीजीपीए लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है।
इसी तरह धर्मशाला डिग्री कॉलेज की गौरी शर्मा ने 8.57 सीजीपीए लेकर चौथा स्थान, डीएवी कॉलेज कांगड़ा की महक चम्बियाल ने 8.53 सीजीपीए लेकर 5वां, धर्मशाला डिग्री कॉलेज की अनिता देवी ने 8.48 सीजीपीए लेकर 6वां स्थान, शिमला के संजौली कॉलेज की अंतरा सोनी, कुल्लू डिग्री कॉलेज के अभिषेक शर्मा व डीएवी कॉलेज कांगड़ा की प्रियंका ने 8.46 सीजीपीए प्राप्त कर संयुक्त रूप से 7वां स्थान हासिल किया।
इसके अलावा डीएवी कॉलेज कांगड़ा की निशा देवी ने 8.45 सीजीपीए प्राप्त कर 8वां, शिमला के संजौली कॉलेज की अमिशा शर्मा ने 8.42 सीजीपीए प्राप्त कर 9वां और अंब कॉलेज ऊना की रुपाली ने 8.41 सीजीपीए अंक प्राप्त कर प्रदेश भर में 10वां स्थान हासिल किया।
