बीड़ बिलिंग पैराग्लाइडिंग हादसा : पायलट और पर्यटक घायल, रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती
HNN/काँगड़ा
विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग से टेंडम उड़ान भरने वाले पायलट और पर्यटक के साथ एक हादसा हो गया।दोनों को टांगों में चोटें आई हैं. गत शनिवार दोपहर बाद दोनों ने उड़ान भरी थी।रात को उन्हें संसल मंढेर के ऊपर थाथी की पहाड़ी पर रात बितानी पड़ी। रविवार सुबह दोनों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को बीड बिलिंग से पायलट अजय ठाकुर ने महाराष्ट्र के योगेश पांडे के साथ टेंडम फ्लाइट भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के बाद वे दोनों लैंडिंग साइट पर नहीं लौट सके।क्योर की लैंडिंग साइट पर लैंड करने के बजाय उन्होंने बैजनाथ से 10 किलोमीटर दूर थाथी में लैंड किया। चोटिल होने के कारण वह देर शाम तक बीड़ नहीं पहुंच सके।इसके बाद रेस्क्यू टीम उन्हें ढूंढने के लिए निकली, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।लिहाजा, दोनों ने शनिवार रात पहाड़ी पर ही बिताई।
रविवार सुबह 8:00 बजे के आसपास अजय ने घटना की जानकारी बीड़ में बचाव दल और पुलिस को दी।इसके बाद दोनों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए बैजनाथ अस्पताल में भर्ती किया गया।घटना में दोनों की टांगों में चोट आई हैं।डीएसपी अनिल शर्मा ने घटना की पुष्टि की ।
