बुजुर्ग महिला के पैर पर चढ़ा एचआरटीसी बस का टायर, मामला दर्ज
HNN/ऊना
जिला ऊना में चिंतपूर्णी के तहत आने वाले उझे खास जौड़बड़ गांव में एक हादसा पेश आया है। जहां एक एचआरटीसी बस का टायर बुजुर्ग महिला के पैर पर चढ़ गया। घायल बुजुर्ग महिला की पहचान प्रकाशो देवी निवासी गांव उझे खास जौड़बड़ तहसील जसवां कोटला, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला सुबह करीब 8 बजे अपने छह वर्षीय पोते के साथ जौड़बड़ बाजार जा रही थी। इस दौरान अचानक एक एचआरटीसी बस के चालक ने लापरवाही से उसे टक्कर मार दी। हादसे में बस का पिछला टायर उसके पैरों पर चढ़ गया और वह घायल हो गई।
जिसके बाद महिला ने पुलिस थाना चिंतपूर्णी में बस चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी वसुधा सूद द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।