बेटी बचाओ-भाजपा भगाओ के नारों से गूंजा विधानसभा परिसर
शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ खोला जोरदार मोर्चा
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत पहले ही दिन कांग्रेस पार्टी के आक्रामक तेवरों के साथ हुई। जहां सदन के भीतर विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी को सत्ता पक्ष ने करारा जवाब दिया,
वहीं सदन के बाहर कांग्रेस विधायकों ने बेटी बचाओ-भाजपा भगाओ के जोरदार नारे लगाते हुए मोर्चा खोल दिया।सदन के बाहर कांग्रेस ने भाजपा के कथित गिरते कानून व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) के आरोपों के जवाब में जमकर धरना-प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का पलटवार
राजस्व मंत्री जगत सिंह ने भाजपा के लॉ एंड ऑर्डर मामले पर पलटवार करते हुए कहा कि, “कानून व्यवस्था तो खुद भाजपा ने ही बिगाड़ रखी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कई नेता कथित यौन शोषण के आरोपों से घिरे हैं।
कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने इस मौके पर बोलते हुए भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि, “जो आज कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, कानून बिगाड़ने में भी उन्हीं का सबसे बड़ा हाथ है। उनके नेताओं के कांड की वजह से पूरा प्रदेश आज देशभर में शर्मसार हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा को सदन की गरिमा की बात करने से पहले अपने नेताओं के आचरण पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने इस आधार पर कहा कि कांग्रेस ने ऐसे नेताओं के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है।ज्ञात हो कि चंबा के चुराह से भाजपा विधायक हंसराज पर पोक्सो अधिनियम (एक्ट) के तहत मामला दर्ज है और इस मामले में भाजपा के एक अन्य विधायक से भी पुलिस पूछताछ कर चुकी है।
हाल ही में, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार बिंदल पर भी आरोप लगे हैं।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सदन की गरिमा पर बात करती है, लेकिन उसके अपने ही नेता अनुशासन भंग कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन में मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और फतेहपुर विधायक भवानी सिंह पठानिया, कृषि मंत्री चंद्र कुमार और लाहौल स्पीति की विधायक अनुराधा, विनोद सुल्तानपुरी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।