ऊना में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान को जनव्यापी बनाने पर कांग्रेस ने बनाई रणनीति
ऊना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत क्षेत्र में जारी गतिविधियों की समीक्षा की और इसे अधिक प्रभावी व जनव्यापी बनाने की आगामी रणनीति पर मंथन किया। विधायक विवेक शर्मा विक्कू ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक शनिवार, 14 नवंबर 2026 को जोगी पंगा स्थित पार्टी कार्यालय में विधायक विवेक शर्मा विक्कू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभियान से जुड़ी क्षेत्रीय गतिविधियों, जनसंपर्क तथा संगठन को मजबूत करने के उपायों पर अपने विचार साझा किए। बैठक में पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने के लिए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू को दी श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती भी मनाई गई। उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों, आधुनिक संस्थानों की स्थापना और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया गया। बैठक का समापन संगठन को अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।