Loading...

बॉलीवुड में सिरमौर की धुन / अभिनव और अंकित के संगीत निर्देशन की धूम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 28 Mar 2025 • 1 Min Read

नाहन

फिल्म ‘पिंटू की पप्पी’ में सिरमौर के दो युवाओं के पहले गाने ‘महसूस’ को मिल रही जबरदस्त सराहना

बॉलीवुड में सिरमौर के युवाओं की नई शुरुआत

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के दो युवाओं, अभिनव ठाकुर और अंकित शर्मा ने बॉलीवुड में संगीत निर्देशन की दुनिया में सफल दस्तक दी है। इन दोनों का पहला कंपोज किया गया गाना ‘महसूस’, हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म ‘पिंटू की पप्पी’ का हिस्सा है, जो 18 मार्च को रिलीज़ हुआ।

इस गाने को अपनी दिलकश आवाज़ दी है “मेरे नाम तु” फेम गायक अभय जोधपुरकर ने, जबकि इसकी म्यूजिक प्रोग्रामिंग प्रसाद साष्टे ने की है। ‘महसूस’ गाना फिल्म के बाकी गानों में से सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है और श्रोताओं के दिलों को छू रहा है।

स्थानीय प्रतिभाओं का बड़ा मंच पर जलवा

अभिनव ठाकुर नाहन के नजदीकी बोहलियो गांव से हैं और बीते 10 सालों से अपने घर पर स्टूडियो सेटअप के जरिए म्यूजिक पर काम कर रहे हैं। वे खुद का एक यूट्यूब चैनल भी संचालित करते हैं, जहां वे अपनी रचनात्मकता को साझा करते हैं। अंकित शर्मा, संगड़ाह उपमंडल के जबलोग गांव से ताल्लुक रखते हैं और संगीत के क्षेत्र में कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं।

फिल्म ‘पिंटू की पप्पी’ में कुल 10 गाने हैं, जिनमें से 6 गानों के बोल भी सिरमौर के ही रमन रघुवंशी ने लिखे हैं। यह इस बात का संकेत है कि सिरमौर की तिकड़ी—अभिनव, अंकित और रमन—मिलकर बॉलीवुड में एक खास पहचान बना रही है।

स्थानीय जड़ों से जुड़कर बॉलीवुड में पहचान

इस तिकड़ी का प्रयास यह दिखाता है कि यदि समर्पण और जुनून हो, तो छोटे शहरों से निकलकर भी बॉलीवुड जैसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। सिरमौर की यह तिकड़ी न केवल अपनी मेहनत से आगे बढ़ रही है, बल्कि जिले और प्रदेश का नाम भी रोशन कर रही है।