Loading...

भरमौर की चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी, बढ़ी ठंड, गर्म कपड़ों में लिपटे लोग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Oct 2025 • 1 Min Read

भरमौर

जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ऊंची चोटियों ने सीजन की पहली बर्फबारी का स्वागत किया है। रविवार सुबह मणिमहेश डल झील समेत आसपास की पहाड़ियों पर ताजा हिमपात हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सर्दी का असर बढ़ गया है। तापमान में गिरावट के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।

मणिमहेश और ऊंचाई वाले दर्रों में ताजा हिमपात
मणिमहेश डल झील के साथ-साथ भरमौर से लाहौल और कांगड़ा को जोड़ने वाले ऊंचे दर्रों में भी भारी बर्फबारी की सूचना मिली है। निचले इलाकों में लगातार बारिश के बीच पहाड़ों की चोटियां बर्फ की चादर से ढक गई हैं। अचानक बदले मौसम ने लोगों को ठंड का वास्तविक एहसास करा दिया है।

मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले तीन दिनों तक हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।

सुबह-शाम बढ़ी सर्दी, जनजीवन प्रभावित
भरमौर में रविवार तड़के से ही बादलों की गर्जना और बारिश का दौर शुरू हो गया। सुबह करीब दस बजे तक बर्फबारी जारी रही, जिससे दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया। लोग सुबह और शाम के समय अलाव के पास गर्माहट लेते दिखे।