भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला कैंपस की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
HNN/ धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला कैंपस की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कांगड़ा-चंबा के प्रभारी एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार की अगुवाई में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के अनुसार धर्मशाला कैंपस निर्माण के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 30 करोड़ रुपये जमा करवाए जाने हैं।
पैसे जमा नहीं होने से इसका काम लटका हुआ है। धर्मशाला के समीप जदरांगल में केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए जमीन चिन्हित की गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों से हो रहे खिलवाड़ को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।
अगर प्रदेश सरकार ने 30 करोड़ जमा नहीं करवाए तो भाजपा जनता को साथ सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने झूठी गारंटियां देकर लोगों को भ्रमजाल में फांस कर सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन जब गारंटियां पूरी करने की बात आई तो जनता को टरकाने का काम शुरू कर दिया है।