HNN/ शिमला
कांग्रेस ने भाजपा के घोषणा पत्र को जुमला करार दिया है। कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने पांच साल पहले प्रदेश की जनता से बड़े वादे किए थे, लेकिन अपने वादों को जयराम सरकार ने पूरा नहीं किया। अब चुनावों में अपनी हार को देख भाजपा फिर से नए वादे लेकर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में जो घोषणाएं की है वो हवा हवाई हैं। उन्होंने बेजीपी को जुमलेबाजी पार्टी बताया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण की जो बात कर रही है वह खोखली है।
भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में 33 फीसदी आरक्षण नौकरियों में देने का वादा किया है, इससे पहले बीजेपी ने 2017 के घोषणा पत्र में पुलिस विभाग में होने वाली कांस्टेबल भर्ती में भी 33 फीसदी आरक्षण महिलाओं को देने का वादा किया था जो कि सरकार ने पूरा नहीं किया। इस तरह गुमराह करने का काम बीजेपी ने किया है। अब फिर से आरक्षण की बात बीजेपी कर रही है। जब पहले का वादा बीजेपी ने पूरा नहीं किया है तो इस वादे पर कैसे महिलाएं भरोसा करेगी। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में मंहगाई चरम पर है। महिलाएं इससे सबसे ज्यादा जूझ रही हैं।
खाने की वस्तुओं के दाम आसामान छू रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने इस मोर्चे पर कुछ नहीं किया, उल्टे गैस, तेल के दाम बढाकर लोगों पर बोझ डालने का काम किया। सुक्खू ने कहा कि बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में किसानों और बागवानों के लिए कोई ठोस कदम उठाने की बात नहीं की है। भाजपा सरकार शुरू से ही किसानों और बागवानों के साथ घोर अन्याय करती आई है। सुक्खू ने कहा कि बीजेपी ने हिमाचल के कर्मचारियों के साथ बड़ा अन्याय किया है। हिमाचल के लाखों कर्मचारियों को महंगाई भत्ता तक नही दिया। हिमचाल में 7 फीसदी मंहगाई भत्ता कर्मचारियों का पेंडिंग पड़ा है।
सुक्खू ने कहा, भाजपा की सरकार ने पांच सालों में युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई कदम नहीं उठाए। रिक्त पदों को भरने की कोई जहमत नहीं उठाई और बड़ी संख्या में खाली पदों को डाइंग कैडर घोषित कर दिया। हालात यह रही कि करूणामूलक बेरोजगारों को एक साल से अधिक समय तक अनशन करना पड़ा और इसके बाद चुनाव घोषित होने पर उनको मजबूरन अपना अनशन समाप्त करना पड़ा। .

