Loading...

भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय गुप्ता को नम आंखों से अंतिम विदाई, पार्टी के झंडे में लिपटा पार्थिव शरीर

Shailesh Saini • 54 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन में अंतिम संस्कार में उमड़ा भाजपा परिवार, डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप समेत बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता हुए शामिल

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता को शुक्रवार को नाहन में पूरे राजनैतिक और सामाजिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। भाजपा की ओर से उनके पार्थिव शरीर को पार्टी के झंडे में लपेटकर अंतिम संस्कार स्थल तक लाया गया, जहां प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन और समाज की सेवा को समर्पित किया। उनका सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व हर कार्यकर्ता के दिल में हमेशा जीवित रहेगा। सांसद सुरेश कश्यप ने भी उन्हें संगठन का समर्पित सिपाही बताते हुए कहा कि सिरमौर भाजपा ने एक अनुभवी और कर्मठ नेता खो दिया है।

विनय गुप्ता का राजनीतिक और सामाजिक जीवन चार दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहा। उन्होंने पंचायत स्तर से राजनीति की शुरुआत की और तीन बार पंचायत प्रधान चुने गए। इसके बाद ब्लॉक समिति अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य, भाजपा जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और प्रदेश प्रवक्ता जैसी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

नाहन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में भी उन्होंने चुनाव लड़ा और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उनके निधन की खबर से सिरमौर भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई।

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए और परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। भाजपा नेताओं ने कहा कि विनय गुप्ता की संगठन के प्रति निष्ठा, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता और समाज सेवा का भाव हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

Related Topics: