Loading...

अगले महीने शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’, पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1,500 रुपये प्रतिमाह

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ का शुभारम्भ अगले महीने किया जाएगा। योजना के तहत 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के मैहला में बताया कि ग्राम पंचायत के 172 परिवार योजना के लिए चिन्हित किए गए हैं। एक परिवार में तीन पात्र महिलाएं होने पर तीनों को योजना का लाभ मिलेगा।

चंबा/मैहला

मुख्यमंत्री ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मैहला ग्राम पंचायत में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने गांव में रात्रि ठहराव कर स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके सामने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए और कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में प्रवास का उद्देश्य लोगों की चुनौतियों को करीब से समझना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का प्रयास दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सुविधाएं और विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के गांव में रात्रि ठहराव से स्थानीय परिस्थितियों, जनभावनाओं और लोगों की चिंताओं को सीधे समझने का अवसर मिलता है। मैहला पहुंचने पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्थानीय लोगों ने पहाड़ी लोकधुनों के बीच उनका स्वागत किया।

अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल

मुख्यमंत्री ने मैहला में आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल शुरू करने की घोषणा भी की। किसानों की आय बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पांगी घाटी में प्राकृतिक पद्धति से उगाए गए जौ का खरीद मूल्य 70 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। पिछले वर्ष जिले में इस पद्धति से उत्पादित 107 क्विंटल जौ की खरीद 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सुनिश्चित की गई थी।

उन्होंने बताया कि गाय के दूध का खरीद मूल्य 31 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये और भैंस के दूध का खरीद मूल्य 46 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। दूध उत्पादकों के लिए प्रोत्साहन राशि भी तीन रुपये से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार गद्दी समुदाय के लिए एक नई योजना तैयार की जा रही है, ताकि समुदाय के लोगों को पशुधन के बेहतर दाम मिल सकें।

रिक्त पदों को प्राथमिकता से भरने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में रिक्त पद प्राथमिकता के आधार पर भरे जा रहे हैं तथा अलग-अलग श्रेणियों के अतिरिक्त पद भी शीघ्र भरे जाएंगे। कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब भर्ती प्रक्रिया को कंप्यूटरीकरण के माध्यम से पारदर्शी बनाया गया है। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, कृषि उपज मंडी समिति चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Related Topics: •