भारतीय जनता पार्टी विचारधारा पर आधारित संगठन, कार्यकर्ता ही असली शक्ति : श्रीकांत शर्मा
धर्मशाला
सक्रिय सदस्यता अभियान में बोले प्रदेश प्रभारी – विचार और संगठन की मजबूती ही भाजपा की पहचान
धर्मशाला में सदस्यता अभियान में शामिल हुए श्रीकांत शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सक्रिय सदस्यता अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर उनके साथ सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक रणवीर निक्का, प्रवक्ता राकेश शर्मा और जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा भी मौजूद रहे।
वैचारिक मजबूती ही भाजपा की पहचान
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जिसका संगठनात्मक विकास वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित है। उन्होंने बताया कि आज भाजपा के पास लोकसभा में 240, राज्यसभा में 98 से अधिक सांसद, तथा 1600 से अधिक विधायक हैं। देश के 13 राज्यों में भाजपा की सरकार, जबकि 7 राज्यों में एनडीए की सरकारें हैं।
6 लाख बूथ, 10 लाख से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि भाजपा के 13.5 करोड़ से अधिक सदस्य, 6 लाख से अधिक बूथ अध्यक्ष और 10 लाख से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता संगठन को आधारशिला प्रदान कर रहे हैं।
विकसित भारत 2047 को लेकर हर कार्यकर्ता सजग
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना “विकसित भारत 2047” को साकार करने के लिए हर कार्यकर्ता को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए कार्य करना होगा।
गरीब कल्याण की योजनाएं बनीं आधार
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं से गरीब, दलित, शोषित, महिलाओं और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ा है।
स्थापना काल के कार्यकर्ताओं को दें सम्मान
श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि बूथ स्तर पर जाकर भाजपा और जनसंघ के स्थापना काल के कार्यकर्ताओं को ढूंढें और उनके घर जाकर उन्हें सम्मानित करें।