निदेशक बने भारत भूषण ने श्रुति नेगी को इतने मतों से दी मात…..
HNN/ नाहन
कांग्रेस पार्टी जहां शिमला नगर निगम की जीत के जश्न में गुरुवार को डूब रही थी। तो वहीं हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के सिरमौर जिला के निदेशक पद के चुनाव में भी कांग्रेस को भारी मतों से जीत हासिल हुई। गुरुवार को संपन्न हुए हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के सिरमौर ज़िला से निदेशक पद के तिकोने मुक़ाबले में कांग्रेस समर्थित भारत भूषण मोहिल ने बाजी मारी है।
कुल 133 मतों में से भारत भूषण मोहिल को 64 वोट मिले। उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी शिलाई के पूर्व विधायक जगत सिंह नेगी की पुत्रवधू भाजपा समर्थित श्रुति नेगी को 35 वोट मिले। भारत भूषण मोहिल ने 29 मतों के अंतर से जीतने में कामयाब हुए हैं। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से ही कांग्रेस समर्थित विनोद कंठ को 34 मत मिले।
भारत भूषण मोहिल इससे पहले भी सिरमौर ज़िला से राज्य सहकारी बैंक के निदेशक पद पर काबिज रहे है। वीरवार को स्थानीय सहकारी भवन के नए परिसर में चुनाव आयोजित हुए। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के जिला प्रबंधक प्रियदर्शन पांडेय बतौर चुनाव अधिकारी मौजूद रहे। चुनाव राज्य सहकारी सभायें के सहायक पंजीयक भास्कर कालिया की देख रेख में सम्पन्न करवाएं गए।
चुनाव के बारे में जानकारी देते हुए चुनाव अधिकारी व जिला प्रबंधक परियदर्शन पांडेय ने बताया कि जिसमें जिला भर से 133 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। कांग्रेस के भारत भूषण मोहिल को 65 मत प्राप्त हुए। वहीं भाजपा समर्थित श्रुति नेगी को मात्र 35 मतों पर ही संतोष करना पड़ा।
उधर, चुनाव मैदान में उतरे एक युवा कांग्रेसी विनोद कंठ ने मुकाबले को तिकोना बनाने का भरसक प्रयास किया। मगर उन्हें भी हार का मुंह देखना पड़ा। कंठ को भी मात्र 34 मत ही प्राप्त हुए। उधर, जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता गदगद नजर आए। जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष आनंद परमार ने इसे पार्टी की नीतियों की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जिला सिरमौर कांग्रेस इन चुनावों में एकजुटता से लड़ी। इसके परिणामस्वरूप कांग्रेस को विजय हासिल हुई। शिलाई मंडल के अध्यक्ष सीता राम शर्मा ने नवनिर्वाचित निदेशक बने भारत भूषण मोहिल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह पहले भी इस पद पर अच्छा काम कर चुके हैं।
नाहन में नवनिर्मित सहकारी भवन कांग्रेस के प्रयासों से ही बना है। भविष्य में सहकारिता के क्षेत्र में प्रदेश सरकार नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने इस जीत को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सभी कांग्रेस जनों की जीत बताया है।

