भारी बर्फबारी के बाद अभी भी 100 से अधिक सड़कें बंद, बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद 100 से अधिक सड़कों पर वाहनों के पहिए थमे हुए हैं। हालांकि बीते 2 दिन दिनों से मौसम साफ बना हुआ है। बावजूद इसके सड़कों को बहाल नहीं किया जा सका है। सड़कों पर बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है जिसे बहाल करने का कार्य किया जा रहा है। इतना ही नहीं बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्र अंधेरे के आगोश में आ चुके हैं।
चीन सीमा से सटे ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग सहित प्रदेश में मंगलवार शाम तक 146 सड़कें बंद रही। लाहौल-स्पीति में 134, कुल्लू में छह, कांगड़ा में तीन, चंबा में दो और शिमला में एक सड़क बंद रही। इसके अलावा 143 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए हैं जिससे चंबा के पांगी और कुल्लू की खराहल घाटी में ब्लैकआउट होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। चंबा में 95 और कुल्लू में 48 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद हैं।