ऊना / भारी बारिश से ऊना जिले के अंब और गगरेट में स्कूल बंद
बरसात के चलते ऊना जिले के अंब और गगरेट उपमंडलों में सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे। यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
भारी बारिश के कारण स्कूल बंद
पिछले चौबीस घंटों में हुई मूसलाधार बारिश से अंब और गगरेट क्षेत्र में जलभराव और सड़कों के अवरुद्ध होने की स्थिति पैदा हो गई। जिला प्रशासन ने हालात को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और सभी सरकारी व निजी स्कूलों, आईटीआई, कॉलेज, आंगनवाड़ी केंद्रों को 20 अगस्त 2025 के लिए बंद करने का आदेश जारी किया।
जिला प्रशासन का निर्देश
जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 (M) के तहत यह आदेश जारी किए। आदेशों में सभी संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे इस निर्णय की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करें।
लोगों को सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की स्थिति पर लगातार नज़र रखें। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में राहत और निगरानी के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।