भारी वर्षा के बाद ऊना नगर निगम का विशेष सफाई अभियान, नालियों की डीसिल्टिंग फिर शुरू
भारी वर्षा के चलते ऊना नगर निगम क्षेत्र की नालियों में दोबारा गाद भर जाने से निगम ने विशेष सफाई अभियान छेड़ा है। निगम का उद्देश्य है कि बरसात के बाद नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो और व्यवस्थाएं जल्दी दुरुस्त हो सकें।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
नालियों की सफाई को प्राथमिकता
नगर निगम आयुक्त एवं एडीसी महेन्द्र पाल गुर्जर ने बताया कि बरसात से पूर्व ही नालियों की डीसिल्टिंग कर दी गई थी, लेकिन भारी बारिश के कारण उनमें दोबारा गाद भर गई। इससे निपटने के लिए पर्याप्त मशीनरी व जनशक्ति लगाई गई है और प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता से सफाई कार्य किया जा रहा है।
जेसीबी मशीनों से सफाई अभियान
शनिवार को वार्ड नंबर 1, लोअर अरन्याला और टक्का रोड क्षेत्र में तीन जेसीबी मशीनों की मदद से नालियों की सफाई की गई। श्रमिकों ने भी सफाई अभियान में सहयोग किया और जगह-जगह जमी गाद को हटाया।
अधिकारियों की देखरेख में कार्य
सफाई अभियान की देखरेख एसडीओ अंकुश राणा, जूनियर इंजीनियर शिवानी ठाकुर और सैनिटरी सुपरवाइज़र विजय कुमार ने की। इस दौरान प्रभावित इलाकों में तेजी से कार्य करवाया गया।
निरीक्षण कर दी हिदायतें
जॉइंट कमिश्नर मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सफाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद किसी भी क्षेत्र में जलभराव या गंदगी की स्थिति नहीं रहने दी जाएगी।