रोहड़ू के दलगांव में भुंडा महायज्ञ / प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया
रोहड़ू क्षेत्र के दलगांव में अगले महीने जनवरी के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले भुंडा महायज्ञ के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिसे लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने दलगांव पहुंचकर महायज्ञ के आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान, उन्होंने मंदिर कमेटी की ओर से किए जा रहे व्यवस्थाओं की समीक्षा की और महायज्ञ के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, अग्नि सुरक्षा, और अन्य जरूरी इंतजामों पर चर्चा की।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे आयोजन में कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि महायज्ञ के आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और बिजली की आपूर्ति जैसी व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित की जा चुकी हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि महायज्ञ के आयोजन से पहले दलगांव की जिओ मैपिंग की गई है, जिसके आधार पर ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और पिछले एक महीने से पुलिस विभाग कानून व्यवस्था के लिए रणनीति तैयार कर रहा है। डीएसपी रोहड़ू और स्थानीय एसएचओ ने भी इस आयोजन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान को अंतिम रूप दिया है।
प्रशासन का कहना है कि इस बड़े आयोजन की सफलतापूर्वक सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि यह धार्मिक आयोजन शांति और व्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।