भुट्टो ने बजट को बताया पुरानी योजनाओं की कॉपी, सरकार पर साधा निशाना
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
प्रदेश सरकार के बजट पर भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे तीन साल पुरानी योजनाओं की कॉपी बताया। उन्होंने कहा कि बजट में विकास, रोजगार और किसानों के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। आम जनता को राहत देने वाले प्रावधानों की कमी से निराशा का माहौल बन सकता है।
ऊना
कड़ी प्रतिक्रिया
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह तीन वर्ष पूर्व के भाजपा सरकार के बजट की जेरॉक्स कॉपी है। उन्होंने कहा कि इस बजट में प्रदेश के विकास के लिए कोई नई सोच या ठोस योजना नजर नहीं आई, जिससे आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद की जा सके। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने अपने बयान में कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट केवल दिखावे और औपचारिकताओं तक सीमित है।
रोजगार और किसानों पर सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में न तो किसानों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए कोई प्रभावी प्रावधान नहीं किया गया है और न ही युवाओं के लिए रोजगार सृजन से संबंधित कोई नई पहल की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए ठोस और दूरदर्शी नीतियों की आवश्यकता होती है, लेकिन इस बजट में ऐसी कोई दिशा दिखाई नहीं दी। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि प्रदेश की जनता को उम्मीद थी कि सरकार अपने चुनावी वादों और दस गारंटियों को बजट में प्राथमिकता देगी, लेकिन बजट में इन गारंटियों का कहीं भी स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया।
वादों पर उठे सवाल
उन्होंने कहा कि यह सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है और जनता के साथ किए गए वादों को नजरअंदाज करने जैसा है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ इस सरकार को सत्ता सौंपी थी, उन उम्मीदों पर यह बजट पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया है। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति को मजबूत करने के लिए कृषि क्षेत्र में विशेष योजनाओं और राहत पैकेज की आवश्यकता थी, लेकिन बजट में इस दिशा में कोई उल्लेखनीय पहल नहीं दिखाई दी।
किसानों में निराशा
उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रहा है और ऐसे में सरकार को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रावधान करने चाहिए थे। लेकिन इस बजट में किसानों के लिए कोई ठोस राहत नहीं दी गई, जिससे किसानों में निराशा का माहौल बन सकता है। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने यह भी आरोप लगाया कि यह बजट केवल कुछ खास लोगों और मित्रों को खुश करने वाला बजट प्रतीत होता है।
आरोप और मांग
उन्होंने कहा कि आम जनता, कर्मचारी वर्ग, व्यापारी और युवाओं को इस बजट से कोई विशेष लाभ मिलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए था कि वह सभी वर्गों के उत्थान के लिए संतुलित और पारदर्शी बजट पेश करती, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए बजट में नई योजनाओं और विकास परियोजनाओं की घोषणा होना आवश्यक था, ताकि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ें और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
निराशा का माहौल
लेकिन इस बजट में ऐसी कोई बड़ी योजना या परियोजना सामने नहीं आई, जिससे प्रदेश के भविष्य को नई दिशा मिल सके। भुट्टो ने अंत में कहा कि प्रदेश की जनता इस बजट से पूरी तरह निराश है और उन्हें उम्मीद थी कि सरकार प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए कुछ ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह आने वाले समय में जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ठोस और प्रभावी योजनाएं लागू करे, ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके और सभी वर्गों को इसका लाभ मिल सके।