भूमि विवाद को लेकर आपस में भिड़े 2 गुट, मामला दर्ज
HNN/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के माजरा क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी दोनों गुट आपस में भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में दोनों गुटों की महिलाओं समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सभी को तहसीलदार पांवटा के समक्ष पेश करने के बाद जमानत पर रिहा किया गया। जानकारी के अनुसार माजरा थाना क्षेत्र में शामलात भू्मि क्षेत्र में दो गुटों के बीच भूमि विवाद हो गया। दोनों पक्षों की तरफ से महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी की अगुवाई में माजरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों में जमकर बहस चलती रही। देखते ही देखते आपसी बहस अचानक हाथापाई में बदल गई। पुलिस व स्थानीय लोगों ने बीच बचाव किया।
शांति भंग करने पर महिलाओं समेत दोनों ही पक्षों के हाथापाई करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया, जिन्हें तहसीलदार पांवटा ऋषभ शर्मा के समक्ष पेश किया गया। सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।