भूस्खलन की चपेट में आया ट्रक, सोलन-सनौरा-नेरीपुल छैला मार्ग 10 घंटे बाद हुआ बहाल
HNN/राजगढ़
जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में सनौरा के पास सोलन सनौरा-नेरीपुल छैला मार्ग पर भूस्खलन हुआ। भूस्खलन की चपेट में एक ट्रक आ गया, जिसके कारण मार्ग पर जाम लग गया। भूस्खलन होने के कारण मार्ग पर फल-सब्जियों से भरे छोटे-बड़े वाहन फंस गए।
मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रक(HP63F-8009)राशन लेकर रात को सोलन से कोटखाई जा रहा था कि रात को करीब 12:30 बजे भूस्खलन की चपेट में आ गया और पलट गया। जिसके बाद सनौरा में दोनों तरफ लगभग 5-5 कि.मी. तक जाम लग गया।
पूरी रात जाम में फंसे रहने के कारण वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग व सरकार पर आरोप लगाया है कि उन्होंने राजगढ़ प्रशासन, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को रात करीब 1:00 बजे ही मार्ग बंद होने की सूचना दे दी थी। लेकिन इसके बावजूद भी सड़क को बहाल करने में 10 घंटे से अधिक का समय लगा।
तो वहीं राम सिंह अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजगढ़ ने बताया नौरा में भूस्खलन होने तथा ट्रक पलटने से सड़क को बहाल करने में 10 घंटे का समय लगा था। लेकिन अब वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है।