भूस्खलन होने से ननखड़ी-पांडाधार सड़क क्षतिग्रस्त, खड्ड में कार गिरने से 3 की मौत

By Ankita Published: 18 Jul 2023, 12:08 PM | Updated: 18 Jul 2023, 12:58 PM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में जगह-जगह भारी बारिश के चलते भूस्खलन का सिलसिला भी अभी तक जारी है। वहीं राजधानी शिमला में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यह भूस्खलन होने से ननखड़ी-पांडाधार सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। भारी बारिश के कारण शरण ढांग के समीप सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है।

वहीं इस सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर भद्राश खड्ड में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में वीर सिंह (40) पुत्र स्व. प्रताप सिंह निवासी ग्राम बनोला, हिम्मत सिंह (28) पुत्र स्व. सबीर दास निवासी ग्राम बनोला और रतन (50) पुत्र स्व. हरि सिंह निवासी गांव दानेवटा शामिल हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खड्ड से निकाला। भूस्खलन के चलते ननखड़ी तहसील की 18 पंचायतों का रामपुर और शिमला दोनों से सड़क संपर्क कट गया है। वहीं भूस्खलन होने से मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है।

Tags: