Loading...

भोलाड़ गांव की अंकिता का दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन

PRIYANKA THAKUR • 7 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / शिमला

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के पीजी कॉलेज सरस्वतीनगर की छात्रा अंकिता दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनेंगी। अंकिता कॉलेज की पहली छात्रा है, जिसका चयन हुआ है। अंकिता बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है और साथ ही एनसीसी कैडेट भी है।

वह मूल रूप से भोलाड़ गांव की रहने वाली है। उसका चयन बतौर एनसीसी कैडेट उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ है। अंकिता का चयन परेड के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए भी हुआ है। अंकिता के पिता मुरत सिंह भी बेटी की उपलब्धि से काफी खुश हैं।

सरस्वतीनगर कॉलेज के एनसीसी प्रभारी डॉ. रोहित मोक्टा ने बताया कि अंकिता कॉलेज की पहली छात्रा है, जिसका चयन दिल्ली की 26 जनवरी परेड के लिए हुआ है। अंकिता के चयन से कॉलेज में खुशी का माहौल है। प्राचार्य पीपी चौहान ने अंकिता व कॉलेज की एनएसएस इकाई को बधाई दी है।