VIDEO / मंडी की चौहारघाटी में वायरल वीडियो: महिला स्वास्थ्य कर्मी कमला ने जान जोखिम में डालकर निभाया टीकाकरण का फर्ज
मंडी जिले की चौहारघाटी से एक भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें महिला स्वास्थ्य कर्मी कमला उफनते नाले को पार करती नजर आ रही हैं। वह पीएचसी सुधार में तैनात हैं और टीकाकरण के अपने कर्तव्य को निभाने के लिए उन्होंने जान की परवाह तक नहीं की।
मंडी
बादल फटने से टूटा पुल
20 अगस्त को शिल्हबुधानी पंचायत में बादल फटने से नाले उफान पर आ गए और कई पुल बह गए। इसी बीच कमला को सूचना मिली कि हुरंग गांव के दो महीने के एक बच्चे का टीकाकरण छूट गया है। समय पर टीका लगाना जरूरी था, इसलिए उन्होंने हर हाल में बच्चे तक पहुंचने का निर्णय लिया।
नाले पर छलांग लगाकर पार किया रास्ता
रास्ते में पुल टूटा हुआ था और नाला तेज बहाव से भरा था। कमला ने वैक्सीन का बॉक्स पीठ पर टांगा, जूते हाथ में पकड़े और 5 से 6 फुट लंबी छलांग लगाकर नाले को पार कर लिया। छलांग लगाते समय पलभर के लिए संतुलन बिगड़ने की आशंका हुई, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और सुरक्षित दूसरी ओर पहुंच गईं।
वीडियो हुआ वायरल
इस साहसिक घटना को वहां मौजूद युवकों ने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग कमला के समर्पण और साहस की जमकर सराहना कर रहे हैं।