मंडी के निहरी में PWD कार्यालय और आवास में आग, रिकॉर्ड जलकर राख
Himachalnow / मंडी
रात में लगी आग से भवन पूरी तरह तबाह , नुकसान का आकलन जारी
मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर के निहरी में मंगलवार देर रात लोक निर्माण विभाग (PWD) के कनिष्ठ अभियंता (JE) के कार्यालय और आवास में अचानक आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया। इस घटना में कार्यालय में रखा सारा रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए।
गनीमत रही कि घटना के वक्त कार्यालय और आवास में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई । आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस चौकी निहरी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैल गई थी कि बचाव कार्य से पहले ही भवन और अंदर मौजूद सबकुछ जल चुका था।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आगजनी से कार्यालय और आवास को भारी नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
आग लगने के कारणों का फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है। इस घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है, और स्थानीय प्रशासन पूरी घटना की जांच कर रहा है।