मंडी जिले के हवलदार नवल किशोर ने सियाचिन में शहादत पाई
Himachalnow / मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली तहसील के जलौन गांव निवासी हवलदार नवल किशोर, 7 जैक राइफल्स में तैनात, सियाचिन ग्लेशियर पर देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। 27 वर्षीय नवल किशोर का निधन ड्यूटी के दौरान सांस लेने में तकलीफ के कारण हुआ। वह अक्टूबर में घर आए थे और हाल ही में ड्यूटी पर लौटे थे। उनके निधन से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
उनकी पत्नी हिमाचल पुलिस में कार्यरत हैं। हवलदार का पार्थिव शरीर 3 दिसंबर को चंडीगढ़ से मंडी पहुंचने की उम्मीद है, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने उनकी शहादत को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी ।