लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

मंडी में आयोजित हुआ मज़दूर-किसान सम्मेलन, 5 अप्रैल को संसद घेरने की तैयारी

SAPNA THAKUR | 8 जनवरी 2023 at 4:27 pm

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

HNN/ मंडी

आगामी 5 अप्रैल को दिल्ली में होने वाले संसद मार्च को सफ़ल बनाने के लिए मज़दूर संगठन सीटू और हिमाचल किसान सभा के सयुंक्त तत्वावधान में मंडी के कामरेड तारा चंद ने राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया। जिसकी अध्यक्षता सीटू के राज्य अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा और हिमाचल किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ कुलदीप सिंह तंवर ने की। सम्मेलन को अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय नेता पुष्पेंद्र त्यागी, प्रेम गौतम, ओंकार शाद, होतम सौंखला, भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। डॉ कश्मीर ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार निरंतर मज़दूर व किसान विरोधी नीतियां लागू कर रही है।

सरकार ने सब कुछ अपने निजी मित्रों और कम्पनियों को देश बेचने का अभियान छेड़ रखा है। महँगाई लगातार बढ़ती जा रही है। स्थायी रोज़गार के बजाये पार्ट टाइम और फिक्स्ड टाइम के रोज़गार देने की नीति लागू की जा रही है। राकेश सिंघा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों के लंबे आंदोलन के बाद काले कृषि क़ानून वापिस ले लिए थे और न्यून्तम समर्थन मूल्य की गारंटी क़ानूनी तौर पर करने का वायदा किया था लेकिन अभी तक इस बारे सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया है। सरकार की इन किसान विरोधी नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश में बागवानी और कृषि क्षेत्र में लगे बागवान भारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

मजदूरों के लिए भी ऐसे ही चार श्रम कोड बना दिये गए हैं जिसके ख़िलाफ़ मज़दूरों और किसानों के संगठनों ने 5 अप्रैल को दिल्ली में संसद भवन तक मार्च निकालने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले निचले स्तर पर जन जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया जिसके चलते मजदूरों और किसानों को जागरूक किया जायेगा और चर्चा वितरण किया जायेगा।

जिसके तहत सभी कामगारों को न्यूनतम 26 हज़ार रुपए वेतन और दस हजार रुपए पेंशन देने, चार श्रम सहिंताओं औऱ सँशोधित बिजली विधेयक को वापस लेने, सभी कृषि उत्पादों के लिए एमएसपी लागू करने, सभी ग़रीब और मध्यम किसानों के ऋण माफ़ करने और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को पेंशन देने, मनरेगा में दो सौ दिनों का रोज़गार और 600 रुपए दैनिक वेतन देने, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सेवाओं के निजीकरण पर रोक लगाने, बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने और आवश्यक वस्तुओं को जीएसटी से बाहर करने, पेट्रोल-डीज़ल, रसोई गैस से केंद्रीय एक्सरसाइज ड्यूटी कम करने की नीति लागू की जाये।

इसके अलावा सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली को मजबूत करने और सभी आवश्यक खाद्य सामग्री डिपुओं के माध्यम से उपलब्ध कराने, वन अधिकार क़ानून को सख्ती से लागू करने, पिछड़े तबकों का दमन रोकने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने, सभी नागरिकों के लिए सार्वभौमिक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य और शिक्षा सुनिश्चित करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 वापिस लेने, सभी के लिए आवास सुनिश्चित करने और अति अमीरों और कारपोरेट घरानों पर टैक्स की दर बढ़ाने और गरीबों के लिए घटाने की नीति लागू की जाये।

सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि 10 फ़रवरी तक ज़िला व खण्ड स्तर पर सम्मेलन तथा 11 फ़रवरी से 10 मार्च तक घर-घर जनसम्पर्क अभियान चलाया जाएगा जिसमें एक लाख घरों तक दस्तक दी जाएगी। उसके बाद 15 मार्च को ज़िला व खण्ड स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]