पंचायत चुनाव में जनविरोधी नीतियों को मुद्दा बनाएगी सीपीएम, जिला भर में उतारेगी उम्मीदवार
Himachalnow / नाहन
आगामी पंचायत और शहरी निकाय चुनावों को लेकर सीपीएम ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी की जिला केंद्र की बैठक नाहन में आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय निकाय चुनावों में सक्रिय हस्तक्षेप करने और जन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। पार्टी ने निर्णय लिया कि आगामी चुनावों में जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान और वार्ड सदस्य पदों पर सीपीएम समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे और मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा।
नाहन
आगामी पंचायत और शहरी निकाय चुनावों को लेकर सीपीएम ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी की जिला केंद्र की बैठक नाहन में आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय निकाय चुनावों में सक्रिय हस्तक्षेप करने और जन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।बैठक में तय किया गया कि पार्टी चुनाव के दौरान जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी। सीपीएम नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान नीतियों के कारण आम लोगों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
पार्टी ने मनरेगा योजना को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण रोजगार और गांवों के विकास पर गंभीर असर पड़ेगा। इसके साथ ही कृषि, बागवानी और दुग्ध उत्पादन से जुड़े लोगों की समस्याओं को लेकर भी चिंता जताई गई। बैठक में कहा गया कि जिला में बड़ी आबादी इन क्षेत्रों पर निर्भर है, लेकिन इनके विकास के लिए ठोस योजनाओं और बजटीय प्रावधानों का अभाव है।सीपीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं, सार्वजनिक सुविधाओं और मंडी मध्यस्थता जैसी योजनाओं को भी कमजोर करने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना था कि लगातार घटते बजट के कारण विकासात्मक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और इसका सीधा असर ग्रामीण जीवन पर पड़ रहा है।
बैठक में यह भी कहा गया कि पंचायती राज व्यवस्था स्थानीय स्वशासन की मजबूत कड़ी है, लेकिन वर्तमान समय में इसका राजनीतिक इस्तेमाल अधिक हो रहा है और आम व्यक्ति की भागीदारी सीमित होती जा रही है।पार्टी ने निर्णय लिया कि आगामी चुनावों में जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान और वार्ड सदस्य पदों पर सीपीएम समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे और मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा।जिला सचिव राजेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों को उठाएगी और चुनाव को जनसंघर्ष का माध्यम बनाएगी, ताकि आम लोगों की आवाज को मजबूती मिल सके।