मकान में हुआ भीषण अग्निकांड: 4 वर्षीय बच्चे की मौत, माता-पिता झुलसे
HNN/ सोलन
जिला सोलन के नालागढ़ के दभोटा पंचायत की हरिजन बस्ती में एक मकान में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस घटना में चार वर्षीय बच्चे बिहान की जान चली गई है। इसके अलावा बच्चे के माता-पिता बुरी तरह झुलसे है। पिता सतनाम सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया है।
वहीं सतनाम की पत्नी की हालत में सुधार होने से उसे भरतगढ़ अस्पताल से घर भेज दिया गया है। बता दें यह आग सिर्फ एक मोमबती की वजह से भड़की थी। जानकारी के मुताबिक, दभोटा गांव के रमेश कुमार के घर में मोमबती से अचानक ही आग भड़क उठी। बिजली नहीं होने के चलते उन्होंने मोमबत्ती जलाकर फ्रिज पर रख ली।
इस बीच वह सभी सो गए। लेकिन मोमबत्ती नहीं बुझाई। कुछ ही देर में मोमबती से आग भड़क गई और पूरे कमरे में फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पुरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दौरान बच्चा और माता-पिता आग में बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सतनाम सिंह व बिहान को पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन बिहान ने रास्ते में दम तोड़ दिया। एसडीएम दिव्यांशु सिंगल ने मामले की पुष्टि की है।