मतदान करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर हो रहे वायरल, आयोग ने किया कड़ा संज्ञान
मतदान केंद्रों में तैनात सुरक्षा बलों की मुस्तैदी पर उठने लगी उंगलियां
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ। लेकिन कई क्षेत्रों में मतदान के दौरान पोलिंग बूथ के अंदर से वोट डालते हुए कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों वायरल हो रहे हैं। जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि कुछ लोग अपने चहेते प्रत्याशी को वोट डाल रहे हैं, और उसकी वीडियो बना रहे है।
जबकि मतदान केंद्रों में अपने साथ मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ था। इतना ही नहीं मतदान केंद्रों में सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया था। लेकिन उसके बावजूद भी कुछ क्षेत्रों में मतदान करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
ऐसे में राज्य चुनाव आयोग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सभी जिला चुनाव अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इतना ही नहीं केंद्रों में तैनात सुरक्षा बलों की मुस्तैदी पर भी उंगलियां उठने लगी है। अब रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग अगली कार्यवाही अमल में लाएगा।