मनोज कुमार ने संभाला नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त का कार्यभार, सफाई व्यवस्था और शहरी विकास पर होगा फोकस
ऊना
नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त पद का कार्यभार संभालने के बाद साझा की प्राथमिकताएं
हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के 2020 बैच के अधिकारी मनोज कुमार ने मंगलवार को नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त का कार्यभार ग्रहण किया। मूलतः मंडी जिले के जोगिंदरनगर क्षेत्र से संबंध रखने वाले मनोज कुमार इससे पहले उदयपुर में एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। इसके अतिरिक्त वे ज्वालाजी, शिमला, कुल्लू सहित कई जिलों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
नगर निगम ऊना में कार्यभार ग्रहण करने के बाद मनोज कुमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, सीवरेज संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करना और शहरी सौंदर्यीकरण उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके अलावा बरसात के मौसम में जलभराव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर ऊना शहर को आदर्श नगरीय इकाई के रूप में विकसित करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। मनोज कुमार ने कर्मचारियों से जनहित में कार्य करने और जनता की समस्याओं के त्वरित निपटारे पर जोर दिया।