HNN/ शिमला
जिला में फलों और सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। खासकर हरी सब्जियों के दाम में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। फलों और सब्जियों के बढ़ते दाम ने हर घर के बजट को बिगाड़ दिया है। कुछ सब्जियों के दाम तो फलों से भी महंगे हो गए हैं ऐसे में लोग भी परेशान है। टमाटर 30 से बढ़कर 50 रुपये किलो तक पहुँच चुका है जबकि मटर लोगों की पहुँच से बाहर होता जा रहा है।
सब्जी मंडी शिमला में मटर 140 रुपये प्रति किलो तो अदरक 100, लहसुन 100, भिंडी 40 रुपये, बंदगोभी 50 रुपये, बीन 60 रुपये, हरी मिर्च 200 रुपये और धनिया 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इसके अलावा अनार 200 रुपये प्रति किलो, पपीता 80 रुपये, कीवी 120 रुपये, जापानी फल 80 रुपये, तरबूज 40 रुपये, केला 80 रुपये दर्जन और किन्नौरी सेब 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
रसोई घर का बिगड़ा बजट
फलों और सब्जियों के दाम बढ़ते जा रहे हैं, जिससे महंगाई की मार लोगों पर साफ नजर आ रही है। सब्जियां लगातार लोगों की पहुंच से बाहर हो गई हैं। खाद्य पदार्थों की चीजों में बढ़ोतरी ने रसोई घर का बजट बिगाड़ दिया है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम के बाद सब्जियों के दाम जिस तरीके से आसमान छू रहे हैं, उसने आम लोगों के लिए एक बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है।

